ऊखीमठ : देवरियाताल में सजा काफल फेस्टिवल का रंग

Team PahadRaftar

देवरियाताल में सजा काफल फेस्टिवल का रंग

देवरियाताल में काफल फेस्टिवल का रंगारंग समापन, संस्कृति–पर्यटन और तीर्थाटन का दिखा संगम

पांडवाज ग्रुप की पहल से केदार घाटी को मिल रही नई पहचान, देश-विदेश के पर्यटकों ने उठाया आनंद

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : पर्यटन स्थल सारी–देवरियाताल में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय काफल फेस्टिवल का रंगारंग समापन हुआ। पांडवाज ग्रुप और ग्राम पंचायत सारी के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में संस्कृति, तीर्थाटन और पर्यटन का अद्भुत संगम देखने को मिला।

समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दर्शकों ने देर शाम तक भरपूर आनंद उठाया। सारी गांव, तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों के साथ-साथ देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक भी इस आयोजन के साक्षी बने।

फेस्टिवल के दौरान स्थानीय व्यंजनों के स्टाल लगाए गए, जहां महिला मंगल दल और पांडवाज ग्रुप ने पर्यटकों को पहाड़ी स्वाद से रूबरू कराया। साथ ही विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन, पॉलिथीन उन्मूलन और ग्लोबल वार्मिंग जैसे विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने पांडवाज ग्रुप की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन केदार घाटी की लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवरियाताल और सारी गांव अब पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि पांडवाज ग्रुप साहित्य, संगीत और समाज के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। वहीं जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण ने भी कहा कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।

फेस्टिवल के दौरान मैराथन दौड़, रस्साकसी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न जिलों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों को पांडवाज ग्रुप द्वारा सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर प्रधान अनीता देवी, एसडीएम अनिल सिंह रावत, वन पंचायत सरपंच मुरली सिंह नेगी, हिमालयन ग्रामीण संस्था के अध्यक्ष कैलाश पुष्वाण सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

यह आयोजन न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का माध्यम बना, बल्कि तीर्थाटन और पर्यटन को भी नई दिशा देने में सफल रहा।

Next Post

पौड़ी : चैत्र नवरात्रि में देवी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़, भक्ति में डूबा पौड़ी

चैत्र नवरात्रि में देवी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़, भक्ति में डूबा पौड़ी जसपाल नेगी  पौड़ी : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर जनपद के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अछरीखाल स्थित वैष्णो देवी मंदिर में नित्य पूजा-अर्चना के साथ भक्तों की निरंतर आवाजाही बनी […]

You May Like