चमोली : ज़मीनी विवाद में रिवॉल्वर से फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार

Team PahadRaftar

पोखरी क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

चमोली  :  जनपद चमोली के पोखरी थाना क्षेत्र में ज़मीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को ग्राम नखोलियाना निवासी दिनेश सिंह ने थाना पोखरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजेंद्र सिंह असवाल (72 वर्ष), उनके पुत्र दीपेंद्र असवाल (44 वर्ष) तथा पार्वती देवी ने उनकी पत्नी और भाई के साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही भूमि विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर 10 अप्रैल को कहासुनी बढ़ गई और मामला इतना उग्र हो गया कि आरोपी राजेंद्र सिंह असवाल ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पोखरी में मुकदमा अपराध संख्या 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 115, 117, 351, 352, एससी/एसटी एक्ट तथा 25/27 शस्त्र अधिनियम में केस दर्ज किया गया।

11 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह असवाल और दीपेंद्र असवाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 

Next Post

ऊखीमठ : चन्द्रशेखर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

लक्ष्मण नेगी नौ दिवसीय कथा के आठवें दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया श्रवण, भक्ति में डूबा रहा क्षेत्र ऊखीमठ : चन्द्रशेखर महादेव मंदिर, सौडी में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत एवं श्रीराम कथा के आठवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों […]

You May Like