
कंचनगंगा हिमस्खलन से नहीं हुआ कोई नुकसान, स्थिति सामान्य : डीएम
चमोली : कंचनगंगा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हिमस्खलन सड़क तक नहीं पहुंचा और खाई क्षेत्र में ही रुक गया, जिससे यातायात और जनजीवन पूरी तरह सामान्य बना हुआ है।
डीएम ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाएं प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और समय-समय पर होती रहती हैं। प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है तथा कहीं भी खतरे जैसी स्थिति नहीं है।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा कि आमजन केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
जिला प्रशासन के अनुसार कंचनगंगा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और यात्रा एवं यातायात पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है।
