देहरादून : ओवरटेकिंग के विवाद ने ली जान, मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी गोली

Team PahadRaftar

देहरादून के मसूरी रोड पर रोडरेज की सनसनीखेज वारदात, दो वाहनों के बीच विवाद में बेगुनाह राहगीर की मौत

देहरादून : राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह सड़क पर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया। मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग को लेकर दो वाहनों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मसूरी रोड क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। दिन निकलते ही पॉश इलाके में हुई गोलीबारी से स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।

सुबह करीब सात बजे के आसपास हुआ बवाल

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो के बीच रास्ता देने और ओवरटेकिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला तेजी से बिगड़ गया।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार युवक विवाद के बाद फॉर्च्यूनर के पीछे लग गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उन्होंने वाहन को रुकवाने की कोशिश की। इसी दौरान फायरिंग होने लगी।

राह से गुजर रहे पूर्व सैन्य अधिकारी को लगी गोली

फायरिंग के बीच वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अचानक गोली की चपेट में आ गए। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय यहां मॉर्निंग वॉक करने वालों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सरेआम फायरिंग ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पेड़ से टकराई कार, फिर हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से जा टकराई। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर शांत नहीं हुए। उन्होंने कार सवार लोगों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया।

इस पूरी घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संदिग्ध वाहनों की तलाश की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

शांत शहर में बढ़ती आक्रामकता पर चिंता

इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और हिंसक प्रवृत्ति को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देहरादून जैसे शांत शहर में अब छोटी-छोटी बातों पर भी लोग हिंसा पर उतर रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

एक रिटायर्ड सैन्य अधिकारी की इस तरह हुई मौत से पूर्व सैनिक समुदाय और स्थानीय समाज में शोक व्याप्त है। साथ ही, इस घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

ऊखीमठ : भजन-कीर्तन और लोकगीतों के बीच संपन्न हुआ हरियाली पर्व

खुशहाली और समृद्धि की कामना के साथ जौ की हरियाली का विसर्जन लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : नगर क्षेत्र अंतर्गत भटेश्वर वार्ड में बी माता का हरियाली पर्व पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरे वार्ड में धार्मिक वातावरण बना रहा और ग्रामीणों ने […]

You May Like