चमोली : गौचर में 31अक्टूबर से लगेगा दिव्यांग शिविर, कृत्रिम अंगों के लिए 25 तक कराएं पंजीकरण

Team PahadRaftar

तीन दिवसीय शिविर में मिलेंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण, चमोली के साथ बागेश्वर व रुद्रप्रयाग के दिव्यांगजनों को भी मिलेगा लाभ

केएस असवाल गोपेश्वर। दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक गौचर में तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। पीएम श्री इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, वॉकर और श्रवण यंत्र सहित विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर का आयोजन भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के सहयोग से किया जा रहा है।

शिविर की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार, गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पंजीकरण, उपकरणों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 3,676 दिव्यांग पेंशनधारक हैं। शिविर के लिए अब तक कृत्रिम हाथ-पैर की जरूरत वाले 58 और अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता वाले 417 दिव्यांगजनों को चिह्नित किया गया है। शिविर का लाभ बागेश्वर और रुद्रप्रयाग के दिव्यांगजनों को भी दिलाने के लिए समन्वय किया जा रहा है।

शिविर में स्वास्थ्य, पूर्ति, सेवायोजन और श्रम विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।

25 अक्टूबर तक दें जानकारी

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कृत्रिम हाथ-पैर की आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों से 25 अक्टूबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा निकटतम विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी को जानकारी देने की अपील की है। इसके लिए मोबाइल नंबर 81269 45781 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर की तैयारियां समय से पूरी करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : जोशीमठ में अस्पताल से निकली गर्भवती ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

जोशीमठ में प्रसव के लिए सीएचसी पहुंची थी नेपाली मूल की महिला, सूचना पर मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम गिरीश चंदोला, जोशीमठ। प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जोशीमठ पहुंची नेपाली मूल की गर्भवती महिला ने अस्पताल से बाहर निकलने के बाद नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर लोक […]

You May Like