जोशीमठ में प्रसव के लिए सीएचसी पहुंची थी नेपाली मूल की महिला, सूचना पर मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
गिरीश चंदोला, जोशीमठ। प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जोशीमठ पहुंची नेपाली मूल की गर्भवती महिला ने अस्पताल से बाहर निकलने के बाद नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय के समीप बच्चे को जन्म दे दिया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, विजय लक्ष्मी गुरुवार सुबह प्रसव के लिए सीएचसी जोशीमठ पहुंची थीं। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार के अनुसार, महिला ने बताया कि वह चार दिन पहले ही नेपाल से जोशीमठ पहुंची थीं। जांच के दौरान उनके पास पूर्व में कराई गई जांचों की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी।
उस समय अस्पताल में एक अन्य महिला का प्रसव कराया जा रहा था। इसके बाद विजय लक्ष्मी का प्रसव कराया जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह बिना किसी को बताए अस्पताल से बाहर निकल गईं। महिला के अस्पताल से चले जाने की जानकारी मिलने पर चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी।
इसी बीच स्थानीय लोगों ने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर महिला के प्रसव होने की सूचना स्वास्थ्य केंद्र को दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक सहायता देने के बाद महिला तथा नवजात को सीएचसी पहुंचाया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

