गौचर : संकल्प खेतवाल, अंजू तोमर और मनोज सागर के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक

Team PahadRaftar

गौचर मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति की दिखी झलक, जौनसारी गीतों और नृत्यों ने भी बांधा समां

गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या लोक गायकों के नाम रही। लोक गायक संकल्प खेतवाल, अंजू तोमर और मनोज सागर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने लोकगीतों व पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।

बुधवार शाम मेला मंच पर विद्यालयी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद स्वजन सांस्कृतिक कला मंच जौनपुर की टीम ने जौनसारी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

लोक गायक संकल्प खेतवाल के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया। उन्होंने ‘हो देवा नमः नमः’, ‘मधुली हीरा हीर मधुली’, ‘राजमती घस्यारी तेरी झवरी बाजी छम छमा छम’, ‘हीरा मोती ना चाहूं मैं चाहूं संगम तेरा’, ‘बाई सुआ तौड़ी दिल मेरु’ और ‘बम लहरी’ जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

इसके बाद अंजू तोमर और मनोज सागर ने मंच संभाला। दोनों लोक गायकों ने ‘झुमका तेरा कानों का’, ‘नाटी दा चस्का बुरा’, ‘स्यो की दाणी’, ‘ठेकेदारो तेरो मामा’ और ‘भांग घोटा से मानिए’ जैसे गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक मेला परिसर तालियों और लोकगीतों की गूंज से गुलजार रहा।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि जनपद रुद्रप्रयाग की जिला जज नीमा अग्रवाल ने विशिष्ट अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस मौके पर मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों पायल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग, अमित कुमार सीजेएम, विकास कुमार सिविल जज, सिद्धार्थ कुमार न्यायिक मजिस्ट्रेट और नदीम अहमद एएसजेएम को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस गौचर के सेनानी मनोहर सिंह रावत, उप सेनानी जगाती कुमार, सूबेदार मेजर राकेश नौटियाल, रामकिशोर ध्यानी, हरिकृष्ण भट्ट, आशीष नेगी और जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह कठैत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर मेले में महिला सशक्तिकरण दिवस पर इंदिरा गांधी को किया याद

दूरस्थ गांवों से पहुंचीं महिलाओं ने लिया भाग, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुईं सम्मानित केएस असवाल गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के छठवें दिन बृहस्पतिवार को महिला सशक्तिकरण दिवस मनाया गया। इस दौरान देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के चित्र पर दीप […]

You May Like