
गिरिया गांव से ऊखीमठ तक उमड़ा आस्था का सैलाब, मंगोलचारी में रावल ने अर्पित किया सोने का छत्र
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए कैलाश से रवाना होने के बाद गिरिया गांव से ऊखीमठ तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया और भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।

प्रातःकाल गिरिया गांव से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए मंगोलचारी पहुंची। यहां मंदिर के रावल भीमाशंकर लिंग ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान मदमहेश्वर की डोली को सोने का छत्र अर्पित किया। इस दौरान भगवान के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना की गई और भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया गया। इसके साथ ही मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग के छह माह तक धाम में प्रवास करने के संकल्प का भी रावल भीमाशंकर लिंग ने समापन कराया।
भगवान मदमहेश्वर के शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान होने के साथ ही अब ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकालीन पूजा-अर्चना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार से मंदिर में भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होने के साथ शीतकालीन यात्रा का भी आगाज होगा।
बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में कुल 74,092 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीतकालीन प्रवास के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचेंगे। भगवान मदमहेश्वर की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही अब मदमहेश्वर घाटी की धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र ओंकारेश्वर मंदिर रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. केदार लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, मंदिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्वाण, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, टी. गंगाधर लिंग, शिव लिंग, तुंगनाथ मंदिर प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, प्रधान मचकण्डी डॉ. गौरव कठैत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हर्षप्रीतम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटमा सोमेश्वरी भट्ट, वेदपाठी यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी, देवानंद गैरोला, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, सह प्रभारी दीपक पंवार, शिवानंद पंवार, भंडारी मदन सिंह पंवार, प्रेम सिंह रावत सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

