ऊखीमठ : भगवती नन्दा की भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां

Team PahadRaftar

केदारघाटी मंडाल ग्रुप की ‘अर्जुन की नागलोक यात्रा’ बनी आकर्षण, राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने लोक संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा के आगमन पर आयोजित दूसरी भजन संध्या स्थानीय कलाकारों के नाम रही। भजन, लोकगीतों और पौराणिक प्रस्तुतियों से सजी संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मंडाल ग्रुप की ओर से प्रस्तुत ‘अर्जुन की नागलोक यात्रा’ रही। महाभारत के प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों ने लोकशैली के माध्यम से पौराणिक कथा का सजीव चित्रण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण और जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्पवाण ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने भगवती नन्दा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए स्थानीय कलाकारों को मंच देने और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की।

लोक कलाकारों को मिले प्रोत्साहन

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराएं, लोकगाथाएं और सांस्कृतिक आयोजन प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। भगवती नन्दा की देवपरंपरा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं। ऐसे आयोजनों में उन्हें पर्याप्त अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि पारंपरिक विधाओं का संरक्षण हो सके।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि भगवती नन्दा का आगमन क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और गौरव का विषय है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र की परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवाण, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विनोद राणा और त्रिभुवन चौहान ने भी स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें प्रोत्साहित करने और अपनी कला प्रदर्शित करने के अवसर देने की है।

लोकनाट्य के जरिए जीवंत हुई पौराणिक कथा

भजन संध्या में केदारघाटी मंडाल ग्रुप की ‘अर्जुन की नागलोक यात्रा’ ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। कलाकारों ने लोकनाट्य शैली में पौराणिक प्रसंग को प्रस्तुत कर दर्शकों को धार्मिक आख्यानों से रूबरू कराया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति के संरक्षण और पारंपरिक विधाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।

मेला समिति अध्यक्ष जगदीश नेगी ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि जनसहयोग से भविष्य में नन्दा मेले को और भव्य स्वरूप देने के प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन पंचायत सरपंच देवेंद्र सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन उपेंद्र भट्ट और मयंक नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर ग्राम प्रधान अनीता देवी, सभासद सरला रावत, प्रदीप धर्म्वाण, अंजनेश पंवार, कुलदीप रावत, रविंद्र पुष्पवाण, जगदीश मैठाणी, दलवीर रावत, मेला कोषाध्यक्ष गजपाल भट्ट, उपाध्यक्ष हर्षमोहन नेगी, सह सचिव धर्मेंद्र भट्ट, अंकित सिंह नेगी, हनुमंत सिंह नेगी, आनंद सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

Leave a Reply

You May Like