ऊखीमठ : सारी में नंदा भजन संध्या की धूम, विधायक ने की डेढ़ लाख की घोषणा

Team PahadRaftar

विधायक आशा नौटियाल ने मेले के लिए दिए डेढ़ लाख रुपये, केदार कला मंच की नंदा कथा रही आकर्षण का केंद्र

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। तुंगनाथ घाटी के पर्यटक गांव सारी में भगवती नंदा के आगमन पर आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भजन-कीर्तनों, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और मेले के सफल आयोजन के लिए विधायक निधि से डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की।

जगत कल्याण की कामना के साथ विभिन्न गांवों के भ्रमण पर निकली भगवती नंदा के स्वागत में आयोजित भजन संध्या में स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और संस्कृति प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। स्थानीय विद्यालयों के नौनिहालों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी, जबकि महिला मंगल दलों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण केदार कला मंच की ओर से प्रस्तुत भगवती नंदा की कथा रही। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से भगवती नंदा की महिमा और उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को जीवंत किया। कथा प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया गया।

मुख्य अतिथि विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि उद्योगपति खुशहाल नेगी ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर भगवती नंदा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

ग्राम प्रधान अनीता देवी ने अतिथियों, कलाकारों, विद्यार्थियों, महिला मंगल दलों और श्रद्धालुओं का आभार जताया। भजन संध्या की अध्यक्षता मेला समिति अध्यक्ष जगदीश सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन उपेंद्र भट्ट, जितेंद्र भट्ट और मयंक नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, वन पंचायत सरपंच देवेंद्र सिंह नेगी, सभासद बलवीर पंवार, मेला कोषाध्यक्ष गजपाल भट्ट, हर्षमोहन सिंह नेगी, धर्मेंद्र भट्ट, उपप्रधान प्रेमा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष योगेश्वरी देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलवीर सिंह नेगी, शिशुपाल रावत, गुलाब सिंह राणा, रामेश्वरी भट्ट, योगेंद्र सिंह नेगी, बलवीर सिंह राणा, विनोद रावत, बबीता देवी, माधव सिंह नेगी, तलिता रौतेला सहित मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को बताए बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा के गुर

पांच विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी पहाड़ रफ्तार संवाददाता, गोपेश्वर : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बाल विकास विभाग ने जिले के पांच विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी […]

You May Like