
उच्च न्यायालय के निर्देश पर नगर पालिका का अभियान, लोगों से कुत्तों की सूचना देने की अपील
केएस असवाल
गौचर (चमोली)। आवारा कुत्तों से रेबीज संक्रमण का खतरा कम करने के लिए नगर पालिका परिषद गौचर ने टीकाकरण अभियान चलाया है। उच्च न्यायालय नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में ह्यूमन वर्ल्ड फॉर एनिमल संस्था के सहयोग से नगर के विभिन्न वार्डों में कुत्तों का टीकाकरण किया जा रहा है। 21 अक्टूबर तक करीब 60 आवारा कुत्तों को टीके लगाए जा चुके हैं।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रेबीज की रोकथाम के साथ ही आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों को चिह्नित कर उनका टीकाकरण किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान सहित रोशन पुंडीर, जयदीप नेगी, नागेंद्र नेगी, डॉ. देवी, सुरेंद्र और राकेश मौजूद रहे।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास घूम रहे आवारा कुत्तों की जानकारी पालिका कार्यालय को दें, ताकि उनका समय पर टीकाकरण कराया जा सके। प्रशासन ने अभियान की सफलता के लिए जनसहयोग को जरूरी बताया।
