गोपेश्वर : चमोली में जनपदीय विज्ञान महोत्सव, 327 बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा

Team PahadRaftar

सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार रहा मुख्य विषय, चयनित विद्यार्थी राज्य विज्ञान महोत्सव में करेंगे प्रतिभाग

केएस असवाल गोपेश्वर। पी0एम0श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जनपदीय विज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिला विज्ञान समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 327 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत, नगर पालिका सभासद पूनम रावत, जिला विज्ञान समन्वयक गंभीर सिंह असवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा, खड़क सिंह बिष्ट, डॉ. जगदीश कंडवाल और राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

जिला विज्ञान समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित और प्रौद्योगिकी की उपयोगिता से परिचित कराने के साथ दैनिक जीवन की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना इस आयोजन का अहम उद्देश्य है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने, तर्क करने, प्रयोग करने और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकालने की क्षमता विकसित करता है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाज के विकास और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

महोत्सव में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रखा गया। इसके तहत सात उपविषयों में जूनियर वर्ग (कक्षा छह से आठ) और सीनियर वर्ग (कक्षा नौ से 12) के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी के साथ विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता के माध्यम से भी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शितं करने का मंच मिला।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा ने अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित विद्यार्थी राज्य विज्ञान महोत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : गौचर में 60 आवारा कुत्तों को लगे रेबीजरोधी टीके

उच्च न्यायालय के निर्देश पर नगर पालिका का अभियान, लोगों से कुत्तों की सूचना देने की अपील केएस असवाल  गौचर (चमोली)। आवारा कुत्तों से रेबीज संक्रमण का खतरा कम करने के लिए नगर पालिका परिषद गौचर ने टीकाकरण अभियान चलाया है। उच्च न्यायालय नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में ह्यूमन […]

You May Like