
पोखरी (चमोली) : पोखरी ब्लाक मुख्यालय में बुधवार को 20वें हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्तवाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेले का रंगारंग शुभारंभ हुआ। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ग्राम पंचायत बल्ली की महिलाओं के पारंपरिक झुमैला नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। मेले में लोक संस्कृति, परंपराओं और क्षेत्रीय विरासत की झलक देखने को मिली।
मेले का शुभारंभ सेवानिवृत्त चिकित्साधिकारी डा. बृजमोहन खाली, राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, मेले के जनक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती और व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इससे पूर्व राजकीय बालिका इंटर कालेज पोखरी, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज नागनाथ, टैगोर इंटरमीडिएट कालेज पोखरी और एबीएम इंटर कालेज पोखरी के छात्र-छात्राओं ने विनायकधार से गोल मार्केट होते हुए मेला मैदान तक प्रभातफेरी निकाली। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कालेज पोखरी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इंटर कालेज आली की छात्राओं ने शिव स्तुति की, जबकि ग्राम पंचायत बल्ली की महिलाओं ने पारंपरिक झुमैला नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
परंपराओं को जीवंत रखते हैं मेले
मुख्य अतिथि डा. बृजमोहन खाली ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और धरोहरों को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि ऐसे आयोजन परंपराओं के संरक्षण के साथ आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत करते हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से मेला अपने 20वें वर्ष में पहुंचा है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि मेले में दिन के समय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, रात को प्रसिद्ध कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
वन पंचायतों के सरपंच सम्मानित
मेले के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने मेला मैदान में लगाए गए विभागीय स्टालों और दुकानों का उद्घाटन किया। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं और अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग की पोखरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बीएल शाह ने वन पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वनों की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राधारानी रावत, नगराध्यक्ष अमर सिंह रावत, रंजना रावत, सत्येंद्र बुटोला, माहेश्वरी देवी, फतेराम सती, सतू नेगी, गिरीश किमोठी, जितेंद्र सती, रमेश चौधरी, कुंवर सिंह चौधरी, राजकीय बालिका इंटर कालेज पोखरी के प्रधानाचार्य गंभीर असवाल, राजकीय इंटर कालेज नागनाथ के प्रधानाचार्य धीरेंद्र रावत सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, व्यापारी और मेला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन टीपी सती और ब्रह्मानंद किमोठी ने संयुक्त रूप से किया।
