ऊखीमठ : कालीमठ घाटी को सड़क सुधार की सौगात, 3.75 करोड़ के कार्य का विधायक आशा नौटियाल ने किया भूमिपूजन

Team PahadRaftar

विधायक आशा नौटियाल ने कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग के कार्य का किया भूमिपूजन, कहा- केदारनाथ विधानसभा का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। 3.75 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से कालीमठ घाटी के कई गांवों की सड़क सुविधा बेहतर होगी और ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

मोटर मार्ग के सुधारीकरण से कालीमठ, कविल्ठा, कोटमा, खुन्नू, जालतल्ला, जाल मल्ला, चिलौंड, स्यासू और चौमासी सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों के दैनिक आवागमन, कृषि कार्यों और विद्यार्थियों की आवाजाही में सुविधा होगी।

इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू कराया गया है। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

विधायक ने विश्वास जताया कि सड़क सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद कालीमठ घाटी के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, सीमा असवाल, राय सिंह राणा, बिपिन सेमवाल, ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह, बलबीर रौथाण, अनिल शाह, प्रदीप राणा, बिशंभर भट्ट, कुंवर सिंह, कुलदीप तिंदौरी, बीरबल सिंह और सते सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : गौचर में 31अक्टूबर से लगेगा दिव्यांग शिविर, कृत्रिम अंगों के लिए 25 तक कराएं पंजीकरण

तीन दिवसीय शिविर में मिलेंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण, चमोली के साथ बागेश्वर व रुद्रप्रयाग के दिव्यांगजनों को भी मिलेगा लाभ केएस असवाल गोपेश्वर। दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक गौचर में तीन दिवसीय […]

You May Like