गोपेश्वर में सड़क किनारे जाम छलकाना पड़ा भारी, 29 पर कार्रवाई; पुलिस ने वसूला 13,500 रुपये जुर्माना
गोपेश्वर। सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ गोपेश्वर पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को शराब पीते और हुड़दंग करते हुए पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आमजन से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे खुलेआम शराब का सेवन कर रहे 29 लोगों को मौके पर पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 13,500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला। कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी को सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर आमजन को परेशान नहीं करने की चेतावनी दी।
पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशे में हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। व्यापार संघ के साथ हाल में हुई बैठक में भी यह समस्या उठाई गई थी।
थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह का कृत्य पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
