देहरादून : एक साथ 53 छात्राओं ने किया रक्तदान, जरूरतमंदों के लिए बनीं उम्मीद

Team PahadRaftar

बीएस नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, प्रधानाचार्य ने भी किया रक्तदान

देहरादून। जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान को लेकर छात्राओं ने मिसाल पेश की। ओएनजीसी कौलागढ़ स्थित बीएस नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 53 छात्राओं ने रक्तदान कर 53 यूनिट रक्त दिया। रणजीत सिंह वर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित शिविर में छात्राओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

ट्रस्ट के सचिव एवं कार्यक्रम आयोजक मोहन सिंह खत्री ने कहा कि एक साथ 53 छात्राओं का रक्तदान करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीज के लिए रक्त की प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है। स्वस्थ लोगों को नियमित रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि रक्तदान महज सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी भी है। एक रक्तदाता किसी जरूरतमंद परिवार के लिए उम्मीद बन सकता है।

संस्थान की प्रधानाचार्य नमिता ममगाई ने भी रक्तदान कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। संस्थान की ओर से ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा और सचिव मोहन सिंह खत्री को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूनम भंडारी ने किया।

दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने शिविर में रक्त संग्रह किया। डॉ. सुनीति काला समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान इंद्रजीत कोर, संध्या लिम्बु, किरण नेगी समेत संस्थान की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में मोहन सिंह खत्री ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया।

Leave a Reply

You May Like