
संजय कुंवर, घांघरिया (चमोली)। भ्यूंडार घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पुलना से घांघरिया के बीच तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। किलोमीटर एक और तीन के बीच कूड़पानी और जंगलचट्टी के मध्य पैदल मार्ग और पुस्ते टूटने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अतिवृष्टि के बाद क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते पर श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। कई जगह रास्ता संकरा और खतरनाक होने से यात्रियों को संभलकर आगे बढ़ना पड़ रहा है। शनिवार सुबह हेमकुंड साहिब आने-जाने वाली संगत को मार्ग दुरुस्त होने का कई घंटे तक इंतजार भी करना पड़ा।
ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भ्यूंडार घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रशासन से जल्द मार्ग को दुरुस्त करने की ठोस कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जन्माष्टमी के चलते पिछले दो दिनों से लोकपाल श्री लक्ष्मण मंदिर और हेमकुंड साहिब धाम में स्थानीय समुदाय के श्रद्धालुओं के साथ ही संगत की संख्या बढ़ी है। इससे गोविंदघाट और घांघरिया में फिर से चहल-पहल बढ़ गई है।
श्रद्धालुओं के साथ ही फूलों की घाटी आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। ऐसे में मार्ग के जल्द दुरुस्त नहीं होने पर यात्रियों को और परेशानी उठानी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
