श्रीनगर : 135 किमी का सफर तय कर धारी देवी पहुंची गैरसैंण राजधानी पदयात्रा

Team PahadRaftar

60 से 80 वर्ष के बुजुर्ग आंदोलनकारियों के फौलादी कदम, गैरसैंण पहुंचकर अनिश्चितकालीन अनशन का ऐलान

जसपाल नेगी श्रीनगर। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण की मांग को लेकर देहरादून से शुरू हुई पदयात्रा नौवें दिन सिद्धपीठ मां धारी देवी के धाम पहुंच गई। ‘स्थायी राजधानी गैरसैंण समिति’ के बैनर तले निकाली जा रही ‘प्रण से प्राण तक-राजधानी गैरसैंण’ पदयात्रा अब तक करीब 135 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है।

15 अगस्त को देहरादून स्थित अस्थायी विधानभवन से शुरू हुई पदयात्रा में 60 से 80 वर्ष की उम्र के बुजुर्ग आंदोलनकारी भी पूरे उत्साह के साथ शामिल हैं। यात्रा के दौरान वरिष्ठ आंदोलनकारी नारायण सिंह बिष्ट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बावजूद अन्य पदयात्रियों ने यात्रा जारी रखी।

धारी देवी में हुआ जोरदार स्वागत

धारी देवी क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और मातृशक्ति ने ढोल-दमाऊं की थाप और पुष्पवर्षा के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग को लेकर नारे लगाए गए।

यात्रा संयोजक एवं पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर आंदोलन लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को आंदोलनकारियों का सामूहिक मुंडन व्यवस्था के प्रति विरोध का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि गैरसैंण पहुंचे बिना आंदोलनकारी पीछे नहीं हटेंगे।

गैरसैंण पहुंचकर अनशन का ऐलान

समिति के अनुसार 76 वर्षीय वरिष्ठ आंदोलनकारी गोपाल दत्त कुमेड़ी के साथ रामेश्वर शर्मा, नीरज नैथानी, योगेश उनियाल, सुधीर गैरौला, दान सिंह मिंगवाल और दयाल सिंह राणा सहित अन्य आंदोलनकारी लगातार पदयात्रा कर रहे हैं।

समिति ने घोषणा की है कि पदयात्रा के गैरसैंण पहुंचने के बाद वहां अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा। समिति का कहना है कि जब तक गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने की दिशा में वैधानिक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Next Post

ज्योतिर्मठ : भारतीय रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित 10 परिवारों को बांटी राहत सामग्री

भारतीय रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित 10 परिवारों को बांटी राहत सामग्री संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ में आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली ने राहत अभियान चलाया। सोसायटी की ओर से क्षेत्र के आपदा प्रभावित 10 परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की […]

You May Like