ऊखीमठ : मुआवजा और सड़क निर्माण में देरी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लोनिवि कार्यालय का घेराव

Team PahadRaftar

तोडीडाली–पठाली–काकडागाड मोटर मार्ग पूरा करने की मांग, विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। तोडीडाली–पठाली–काकडागाड मोटर मार्ग का निर्माण वर्षों से अधूरा होने और प्रभावित काश्तकारों को भूमि का मुआवजा नहीं मिलने से ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई।

ग्रामीणों का कहना था कि मोटर मार्ग का निर्माण लंबे समय से अधर में लटका है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के लिए भूमि देने वाले किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है। कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि मोटर मार्ग का शेष निर्माण शीघ्र शुरू कर पूरा नहीं किया गया और प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा नहीं दिया गया, तो क्षेत्रवासी आगामी विधानसभा चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करेंगे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही से क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आज भी कठिन बनी हुई है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता राकेश प्रसाद नैथानी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते हुए बताया कि मोटर मार्ग के निर्माण पर मजिस्ट्रेट स्तर से रोक लगी हुई है। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया कि ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम से दोबारा सर्वे कराया जाएगा तथा शेष निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अभियंता के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, प्रधान मनवर सिंह नेगी, मिथिला देवी, प्रतिपाल बजवाल, वीरबल राणा, सुलेखा देवी, विशाम्बरी देवी, महेंद्र सेमवाल, विजय लक्ष्मी तिवारी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, महावीर नेगी, कैलाश पुष्वाण, कीरत राणा, सुभाष त्रिवेदी, सरिता देवी, हेमा देवी, रजनी देवी, मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, काश्तकार और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

You May Like