चमोली : पीपलकोटी नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक करें पंजीकरण

Team PahadRaftar

कक्षा पांच के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, 28 नवंबर को होगी प्रवेश परीक्षा

गोपेश्वर/पीपलकोटी : जनपद चमोली के मेधावी विद्यार्थियों के लिए पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पीपलकोटी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई तक ऑनलाइन निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि विकासखंड स्तर पर कक्षा पांच में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

विद्यालय के प्राचार्य रोहित नंदन ने बताया कि पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय भारत सरकार द्वारा संचालित पूर्णतः निःशुल्क आवासीय एवं सह-शिक्षा संस्थान है। इच्छुक विद्यार्थी 31 जुलाई तक आधिकारिक वेबसाइट cbseitms.rcil.gov.in/nvs अथवा navodaya.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी।

प्राचार्य ने अभिभावकों, ग्राम प्रधानों और शिक्षकों से अपील की है कि पात्र बच्चों का समय रहते पंजीकरण कराएं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यालय के हेल्पलाइन नंबर 8285569758 एवं 9797372286 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

You May Like