एसडीएम के माध्यम से एसपी को भेजा ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मुख्य बाजार में अज्ञात लोगों द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे उतारने की घटना से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

गुरुवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारियों ने अपनी दुकानों की सुरक्षा और चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, लेकिन अज्ञात व्यक्तियों ने रात के अंधेरे में कैमरे उतार दिए। इससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर आरोपितों की शीघ्र पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मुख्य बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग उठाई।
व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की घटना होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन तत्काल पुलिस अधीक्षक को भेज दिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, महामंत्री महेश बर्त्वाल, मनवर सिंह नेगी, नवदीप नेगी, कैलाश पुष्वाण, महावीर नेगी, संगीता नेगी, महिपाल बजवाल, विजय पंवार सहित व्यापार संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

