चमोली : जनता मिलन में पहुंचीं 40 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

Team PahadRaftar

नंदा देवी राजजात मार्ग पर शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, छुपलागाड़ में एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी ड्रेजिंग

गोपेश्वर, संवाददाता। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी गौरव कुमार के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनता मिलन में सिरण गांव की लीला देवी ने गांव के संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मनरेगा के माध्यम से मार्ग निर्माण कराने तथा लघु सिंचाई विभाग को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने छुपलागाड़ में जमा मलबे से हो रही समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

वहीं, नंदानगर निवासी अवतार सिंह और राजेंद्र सिंह ने विस्थापन से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार चमोली को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी और स्वजल विभाग को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके अलावा रणजीत सिंह, गुमान सिंह, संदीप सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों पर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : सुरंग निर्माण योजना का विरोध करेगी संघर्ष समिति

सुरंग निर्माण योजना का विरोध करेगी संघर्ष समिति राष्ट्रीय राजमार्ग को पौड़ी शहर से होकर विकसित करने की मांग, जनआंदोलन की चेतावनी पौड़ी, जसपाल नेगी संवाददाता। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने पौड़ी नगर को बायपास करने के लिए प्रस्तावित सुरंग निर्माण योजना का विरोध करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को शहर […]

You May Like