नगर पंचायत अध्यक्ष की मेहनत लाई रंग, पीपलकोटी को मिली 24.3 करोड़ की पेयजल योजना
संजय कुंवर
गोपेश्वर / पीपलकोटी : चारधाम यात्रा मार्ग के अहम पड़ाव पीपलकोटी के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने क्षेत्र के लिए 24.3 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही वर्षों से झेल रहे जल संकट के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।

पीपलकोटी, जो बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग का प्रमुख पड़ाव है, वहां हर साल हजारों तीर्थयात्री और पर्यटक रुकते हैं। पानी की कमी यहां लंबे समय से सबसे बड़ी समस्या बनी हुई थी।
मैनागाड़ से बहेगी राहत की धार
नई योजना के तहत मैनागाड़ नदी के लुदाऊं स्रोत से पाइपलाइन बिछाकर सीधे पीपलकोटी नगर क्षेत्र को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि यात्रा सीजन में बढ़ने वाले दबाव को भी संभाला जा सकेगा।
बिरही – मायापुर योजना को भी हरी झंडी
सरकार ने विरही से मायापुर तक दूसरी पेयजल योजना को भी मंजूरी दी है।इससे मायापुर और बाटुला गांवों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।
पर्यटन और आर्थिकी को मिलेगा सीधा लाभ
पानी की कमी के कारण होटल, ढाबे और होमस्टे संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
अब बेहतर जलापूर्ति से
पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा
स्थानीय व्यापार मजबूत होगा
रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे
स्थानीय प्रयासों का रंग लाया संघर्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवनी की पहल इस योजना के पीछे अहम रही। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या को मजबूती से रखा, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी दी।
अध्यक्ष आरती नवनी ने कहा
यह पीपलकोटी की जनता की जीत है। इस निर्णय से न केवल जल संकट दूर होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विकास की राह पर पीपलकोटी
चारधाम यात्रा के लिहाज से महत्वपूर्ण पीपलकोटी में यह योजना सिर्फ पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं, बल्कि समग्र विकास का आधार बनेगी। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया है।
