चमोली : रिमझिम बारिश के बीच शुरू हुआ 29वां गौरा देवी पर्यावरण मेला, सात हस्तियां सम्मानित

Team PahadRaftar

संजय कुंवर जोशीमठ (चमोली)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उर्गमघाटी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय 29वें गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन मेले का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात लोगों को गौरा देवी सम्मान से सम्मानित किया गया।

पंचम केदार कल्पेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के साथ मेले की शुरुआत हुई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, महिला मंगल दलों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

मेले में स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं विभिन्न विभागों ने अपनी विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रदर्शनियां भी लगाई हैं। दो दिनों तक चलने वाले मेले में खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से प्रकृति और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

आयोजन समिति के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि चिपको आंदोलन की प्रेरणास्रोत गौरा देवी ने पेड़ों की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मार्गदर्शक है। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

सम्मानित होने वालों में सावित्री ममगाईं, शेखर रावत, हीरा सिंह बिष्ट, राजेन्द्र बडवाल, रणजीत सिंह, बाल कवि कार्तिक तिवारी सहित सात हस्तियां शामिल रहीं। सम्मान प्राप्त करने वालों ने आयोजन समिति का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और पर्यावरण के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, महिला मंगल दलों की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : राजकीय महाविद्यालय जोशीमठ में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान

संजय कुंवर जोशीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ की एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं नमामि गंगे इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में विभिन्न फलदार पौधों का […]

You May Like