विश्व पर्यावरण दिवस पर पनाई में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
केएस असवाल संवाददाता, गौचर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पनाई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) देवेंद्र कुमार पनियाल के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व सभासद अजय किशोर भंडारी, वार्ड नंबर-1 के सभासद गौरव कपूर, रितेश नेगी, लक्ष्मण सिंह पटवाल समेत अन्य ग्रामीणों ने भी पौधारोपण किया। इस दौरान सभी ने हरित भविष्य के निर्माण और प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
प्रतिभागियों ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में वृक्षारोपण ही प्रकृति के संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
