
काफल तोड़ने गया था अमित, हादसे ने छीन ली जिंदगी; परिजनों ने मुख्यमंत्री से मांगी आर्थिक सहायता
केएस असवाल थराली। मेल्ठा गांव के 19 वर्षीय अमित की दर्दनाक मौत के बाद उसका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ग्राम प्रधान गुड्डी देवी ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुसाईं ने बताया कि 15 मई को मेल्ठा गांव निवासी अमित पुत्र गजराम काफल बीनने के लिए जंगल गया था। इस दौरान पेड़ की एक टहनी टूट गई और वह नीचे चट्टानों पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल अमित को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाया गया, जहां से उसे उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश भेज दिया।
बताया गया कि एम्स में बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण अमित को दून मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में ऋषिकेश में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया।
भूपाल सिंह गुसाईं ने कहा कि अमित का परिवार अनुसूचित जाति वर्ग से है और आर्थिक रूप से कमजोर है। बेटे के उपचार में परिवार की काफी धनराशि खर्च हो चुकी है, जिससे परिजन आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए ज्ञापन अग्रसारित कर दिया गया है। साथ ही दैवीय आपदा मद से सहायता दिए जाने की मांग के संबंध में भी जांच कराई जाएगी। यदि मामला निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया तो नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।

