थराली : अंतिम संस्कार में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, खाई में गिरी ईको वैन; दंपती समेत बेटे की मौत

Team PahadRaftar

थराली, संवाददाता। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने एक रिश्तेदार के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए देहरादून से गांव लौट रहा था। ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार ग्राम बाँक (लोहाजंग) निवासी भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को निजी एंबुलेंस से गांव लाया जा रहा था। वहीं परिजन बलबीर सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ वाहन संख्या UK07D-2979 से एंबुलेंस के पीछे-पीछे गांव लौट रहे थे।

शनिवार सुबह करीब 5:50 बजे ग्राम ल्वाणी के समीप जंगली क्षेत्र में चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी देवाल उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने थानाध्यक्ष थराली को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। उपजिलाधिकारी थराली को भी घटना से अवगत कराया गया तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए DDRF की टीम को बुलाया गया। पुलिस, प्रशासन और DDRF की संयुक्त टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला।

हादसे में बलबीर सिंह (52) पुत्र स्व. नारायण सिंह, उनकी पत्नी शांति देवी (48) तथा पुत्र आंशु बिष्ट (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी (32) पत्नी खुशाल सिंह, मयंक सिंह (8) पुत्र खुशाल सिंह और रोशनी (18) पुत्री लक्ष्मण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही बाँक और लोहाजंग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

देहरादून से लौटते समय हुआ हादसा

परिवार अपने दिवंगत परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर लौट रहा था। किसी ने नहीं सोचा था कि शोक में डूबे इस परिवार पर रास्ते में एक और बड़ी त्रासदी टूट पड़ेगी। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : जलधाराओं के पुनर्जीवन को पेयजल योजनाओं से जोड़ें, तभी मिलेगा जनता को लाभ : डीएम

जसपाल नेगी संवाददाता, पौड़ी : जिले में जल स्रोतों के संरक्षण और नदियों के पुनर्जीवन के कार्यों को अब सीधे पेयजल योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुनर्जीवित जलधाराओं और नौलों का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंचे, इसके लिए उन्हें जल संस्थान और […]

You May Like