पौड़ी : पौड़ी में गुलदार का कहर, खेत में काम कर रही महिला को बनाया शिकार

Team PahadRaftar

पौड़ी के बमठी गांव में गुलदार का हमला, खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला को मार डाला

जसपाल नेगी

पौड़ी : जनपद में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के बमठी गांव में गुरुवार सुबह गुलदार ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निवाला बना लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत के साथ आक्रोश भी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी (65) पत्नी सुरेंद्र प्रसाद सुबह करीब आठ बजे घर के पास खेतों में काम कर रही थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में टीमें तैनात कर दी गई हैं। उसे जल्द पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और गुलदार को मारने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की दहशत बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के आसपास उगी झाड़ियां गुलदार के छिपने का सुरक्षित ठिकाना बनी हुई हैं, बावजूद इसके सफाई नहीं कराई जा रही है। उनका दावा है कि क्षेत्र में दो गुलदार सक्रिय हैं, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।

प्रदर्शन में पूर्व पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनोद नेगी, विनोद दनोशी, सुंदरलाल मुयाल, मोहित सिंह, हर्षबर्धन, सोबन सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : भविष्य बदरी के कपाट खुले, नई फसल की बालियां चढ़ाकर ग्रामीणों ने मांगा आशीर्वाद

भविष्य बदरी के कपाट खुले, नई फसल की बालियां चढ़ाकर ग्रामीणों ने मांगा आशीर्वाद संजय कुंवर  ज्योतिर्मठ, चमोली : पंच बदरी समूह के प्रमुख भविष्य बदरी धाम के कपाट गुरुवार को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही प्रातः 6:15 […]

You May Like