वन विभाग की टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
संजय कुंवर गोविंदघाट/ ज्योतिर्मठ
विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में वन विभाग की निरीक्षण टीम को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग की टीम घाटी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षित लौट आई है।
टीम ने निरीक्षण के दौरान ग्लेशियर प्वाइंट को पार कर संवेदनशील क्षेत्रों तक पहुंच बनाई। इस दौरान अवैध शिकार, अतिक्रमण और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की संभावना को लेकर गहन पड़ताल की गई, लेकिन कहीं भी कोई अनियमितता नहीं मिली।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घाटी में जैव विविधता सुरक्षित है और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान घाटी की पारिस्थितिकी और प्राकृतिक स्थिति का भी आकलन किया गया।
वन विभाग का कहना है कि इस तरह के नियमित निरीक्षण से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही, इससे फूलों की घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने में भी सहायता मिलती है।

गोविंदघाट रेंज की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के संकेत नहीं मिले। उन्होंने कहा कि घाटी में जैव विविधता सुरक्षित है और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा है।
