
हरियाणा पुलिस बताकर व्कोयक्ति को घर से ले गए, रास्ते में मौत; गोपेश्वर पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप
यूकेडी ने एसपी चमोली को भेजा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
गोपेश्वर : गोपेश्वर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग खुद को हरियाणा पुलिस बताकर युवक को उसके घर से अपने साथ ले गए और बाद में रास्ते में उसकी मौत हो गई। पार्टी ने गोपेश्वर पुलिस पर मामले में मुकदमा दर्ज न करने का आरोप भी लगाया है।

यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चमोली को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि पांच अप्रैल को कुछ लोग गोपेश्वर निवासी बलवंत सिंह को उनके आवास से अपने साथ ले गए। बताया गया कि वे हरियाणा पुलिस से हैं। आरोप है कि इसके बाद रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
ज्ञापन के अनुसार, घटना के बाद मृतक के परिजनों ने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद जब परिजन थाना गोपेश्वर में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया।
यूकेडी ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति को घर से ले जाने और बाद में उसकी मौत हो जाने की घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। पार्टी ने मांग की है कि जिन लोगों ने बलवंत सिंह को अपने साथ ले जाया, उनसे पूछताछ की जाए और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने इस मामले में शीघ्र मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की, तो यूकेडी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
