पीपलकोटी : वरिष्ठ पत्रकार लखमण नेगी उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026″ से होंगे सम्मानित

Team PahadRaftar

पहाड़ रफ्तार 

तीन दशक की पत्रकारिता के बाद लक्ष्मण नेगी को “उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा

रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ : तीन दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता में सक्रिय और पहाड़ों की सच्चाई को उजागर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण नेगी को इस वर्ष “उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा।

26 दिसंबर 1970 को तल्लानागपुर, घिमतोली ग्वास में जन्मे नेगी ने वर्ष 1993 में साप्ताहिक ‘गंगा यमुना एक्सप्रेस’ से पत्रकारिता की यात्रा शुरू की। उनके निष्पक्ष, जमीनी और जनपक्षीय लेखन ने उन्हें उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत में विशिष्ट स्थान दिलाया।

क्राइम फ्री इंडिया ब्यूरो, दिल्ली और हिन्दी साहित्य सम्मेलन, प्रयाग से जुड़कर उन्होंने 1993 से 2001 तक पत्रकारिता को नई दिशा दी। 2002 में दैनिक समाचार पत्रों और 2011 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रवेश कर उन्होंने पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित किए। पिछले 17 वर्षों से केदार घाटी के ऊखीमठ में रहकर नेगी ने दुर्गम क्षेत्रों की धार्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी मूलभूत समस्याओं को अपने समाचारों के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के कारण उनके लेखन ने कई ठोस पहल को गति दी। 15 सितंबर 2015 से प्रकाशित साप्ताहिक ‘पंच केदार दर्शन’ भी क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

नेगी केवल पत्रकार नहीं, बल्कि साहित्यकार भी हैं। कार्तिक स्वामी तीर्थ और केदार मद्महेश्वर धाम पर आधारित उनकी पुस्तकें, भजनमाला, और धार्मिक रचनाएँ उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर में योगदान हैं। उनकी रचनाओं को सुप्रसिद्ध गायिका पूनम सती ने स्वर एवं अनूप नेगी ने संगीत प्रदान किया है।

वर्तमान में वे ‘पंजाब केशरी समाचार पत्र’ सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से जनसरोकारों को उठाने में सक्रिय हैं। उनके इस सतत योगदान, साहसिक पत्रकारिता और साहित्यिक सृजन को देखते हुए यह सम्मान उन्हें सादर प्रदान किया जा रहा है।

सम्मान समारोह 

सामाजिक, सांस्कृतिक, पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं समाजसेवी लक्ष्मण सिंह नेगी को आगामी 4 अप्रैल 2026 को “उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी (जेएनईएस) द्वारा आयोजित “खेल प्रतिभा एवं सम्मान समारोह 2026” के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

सोसाइटी की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम डॉ. जैक्स बीन के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। समारोह का आयोजन 4 अप्रैल 2026 को डॉ. जैक्स बीन नेशनल स्कूल, गुप्तकाशी में प्रातः 10 बजे से होगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें लक्ष्मण सिंह नेगी का नाम विशेष रूप से शामिल है।

 

 

 

 

 

Next Post

पौड़ी : चौबट्टाखाल में गुलदार का आतंक: आंगन में खेल रही 4 साल की मासूम को बनाया निवाला

चौबट्टाखाल में गुलदार का आतंक: आंगन में खेल रही 4 साल की मासूम को बनाया निवाला जसपाल नेगी  चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भतकोट, तिमली में गुरुवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय मासूम दृष्टि पर अचानक गुलदार ने […]

You May Like