
कर्मचारी संघ ने जताई बेहतर व्यवस्थाओं और समन्वय की उम्मीद
ऊखीमठ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी का अतिरिक्त दायित्व जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को मिलने पर मंदिर समिति से जुड़े कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
इसी क्रम में बदरी-केदार मंदिर समिति कर्मचारी संघ के सदस्य राम सिंह राणा ने जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विशाल मिश्रा के नेतृत्व में मंदिर समिति की व्यवस्थाओं में और अधिक पारदर्शिता, सुचारु संचालन और प्रभावशीलता आएगी।
राम सिंह राणा ने उम्मीद जताई कि तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के साथ कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता मिलेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि मंदिर समिति की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि तीर्थ यात्रियों की सुविधा, व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
गौरतलब है कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का संचालन करती है। ऐसे में विशाल मिश्रा को यह अतिरिक्त दायित्व मिलने से व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।

