
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला शाखा के साथ पहली बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर मंथन
जसपाल नेगी
पौड़ी : प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला शाखा के साथ पहली बैठक का आयोजन पौड़ी में किया गया। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने, चिकित्सकों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श करने तथा राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के अध्यक्ष डा. रमेश कुंवर ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण अवश्य है, लेकिन चिकित्सक हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पौड़ी जिले से संघ की पहली धन्यवाद यात्रा की शुरुआत होना सकारात्मक पहल है।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के महासचिव डा. यशपाल तोमर ने कहा कि इस प्रकार के संवाद और समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस पहल संभव हो सकेगी। उन्होंने चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान और सेवा तंत्र को मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय पौड़ी डा. एलडी सेमवाल, जिलाध्यक्ष डा. निशांत गर्ग तथा महासचिव डा. सौरभ बोठियाल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

