ऊखीमठ : व्यायाम शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

Team PahadRaftar

शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने रखीं चार मांगें, आयु सीमा में छूट की भी उठाई मांग

लक्ष्मण नेगी

ऊखीमठ : शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के एक शिष्टमंडल ने भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पूजा-अर्चना के बाद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल से मुलाकात कर उन्हें चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने लंबे समय से व्यायाम शिक्षकों की भर्ती नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

संगठन पदाधिकारियों ने विधायक को बताया कि उत्तराखंड में लंबे समय से व्यायाम शिक्षक की भर्ती नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्राथमिक स्तर पर शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य किया गया है, लेकिन इसके अनुरूप शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति अब तक नहीं की गई है।

संगठन ने कहा कि राज्य में बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित करीब 12 हजार से अधिक बेरोजगार युवा हैं, जिन्हें 2006 के बाद शिक्षा विभाग में भर्ती के अवसर नहीं मिले। स्थिति यह है कि कई अभ्यर्थी व्यायाम शिक्षक बनने की उम्मीद में आयु सीमा भी पार कर चुके हैं।

शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर तक शारीरिक शिक्षा विषय अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बावजूद सरकारी विद्यालयों में इनके पद सृजित नहीं किए गए हैं। ऐसे में नियुक्ति नियमावली में संशोधन कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करना आवश्यक है।

इस पर विधायक आशा नौटियाल ने संगठन को आश्वस्त किया कि जल्द ही संगठन के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कराई जाएगी और व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति के लिए रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।

ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए नियमावली में संशोधन कर पद सृजित किए जाएं। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग और मंत्रिपरिषद से मंजूरी दी जाए। इंटर कॉलेजों में शारीरिक शिक्षक के प्रवक्ता पद सृजित कर नियुक्ति की जाए तथा शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों को नियुक्ति में आयु सीमा में छूट दी जाए।

शिष्टमंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडेय, महेश नेगी, गोविंद सिंह, रविंद्र सिंह, प्रदीप नेगी, महावीर सिंह और सतीश चंद्र शामिल रहे।

Next Post

पौड़ी : चिकित्सकों की समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई गंभीर चर्चा

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला शाखा के साथ पहली बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर मंथन जसपाल नेगी  पौड़ी : प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला शाखा के साथ पहली बैठक का आयोजन पौड़ी में किया गया। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक […]

You May Like