गौचर : वरिष्ठ व्यवसायी एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट का निधन, गौचर में शोक

Team PahadRaftar

अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने दी श्रद्धांजलि

गौचर/चमोली, संवाददाता

केएस असवाल 

नगरपालिका क्षेत्र गौचर के वरिष्ठ व्यवसायी, व्यवहारकुशल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी आनंद सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे पालिका परिषद गौचर के पूर्व उपाध्यक्ष, व्यापार मंडल के वरिष्ठ मार्गदर्शक तथा सांसद प्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके थे। उनके निधन पर नगरवासियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

58 वर्षीय आनंद सिंह बिष्ट, जो बिष्ट इलेक्ट्रॉनिक एवं बिष्ट लॉज के संचालक थे, पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार देहरादून में चल रहा था, जहां बीती रात उनका निधन हो गया। निधन के बाद परिजन उनके पार्थिव शरीर को गौचर लाए।

बुधवार को उनके पैतृक घाट भट्टनगर के समीप अलकनंदा नदी तट पर पूरे शोकाकुल माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाइयों और भतीजों ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी, व्यापारी, पालिका कर्मचारी, सभासद, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।

इस दौरान लोगों ने स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सरल स्वभाव, सामाजिक सक्रियता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण को याद किया। शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से गौचर ने एक सज्जन, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्तित्व खो दिया है।

शोकाकुल माहौल में उपस्थित लोगों ने उनकी पुत्रियों दीप शिखा और गीतांजलि सहित समूचे परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर बृजमोहन सिंह, जगदीश सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, पालिका सभासद चैतन्य बिष्ट, विनीत रावत, विनोद कनवासी, जनकल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, पूर्व अभियंता महादेव बहुगुणा, सुनील लिंगवाल, अनूप नेगी, जयकृत बिष्ट, राकेश शैली, गजेंद्र नयाल, नवीन टाकुली अरविंद कुंवर, पालिका के अवर अभियंता राजीव चौहान,कर निरीक्षक रोशन पुंडीर, गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी,भागवत भंडारी, राकेश चौहान , पंकज बिष्ट, दिनेश बिष्ट, मनोज बिष्ट, राहुल बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, सुरेंद्र नेगी, चंद्रवर्धन लिंगवाल आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

Next Post

चमोली : चारधाम यात्रा की दहलीज पर प्रशासनिक चुनौती

चारधाम यात्रा की दहलीज पर प्रशासनिक चुनौती गोपेश्वर। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में प्रशासनिक अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। समिति में मुख्य कार्याधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पद रिक्त होने के कारण यात्रा से जुड़ी तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका है। जबकि 22 […]

You May Like