
चैत्र नवरात्रि में देवी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़, भक्ति में डूबा पौड़ी
जसपाल नेगी
पौड़ी : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर जनपद के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अछरीखाल स्थित वैष्णो देवी मंदिर में नित्य पूजा-अर्चना के साथ भक्तों की निरंतर आवाजाही बनी हुई है। वहीं रविवार को सिद्धपीठ भुवनेश्वरी मंदिर में नवरात्रि के चौथे दिन माँ चंद्रघंटा के स्वरूप की विधि-विधान से भव्य पूजा-अर्चना की गई।

सुबह से ही मंदिर परिसर में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां भुवनेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मध्यान्ह धुयेंल का दृश्य विशेष रूप से आकर्षक रहा। दीपों की जगमगाहट, घंटियों की गूंज और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मुख्य पुजारी विकास जुयाल ने बताया कि नवरात्रि के चलते सुबह से ही भक्तों का निरंतर आगमन हो रहा है, जो मां के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है। मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
भजन प्रतियोगिता में जय नागराज मंडली खड़ेथ, रमया कीर्तन मंडली लोवर चोपड़ा, कठूड, खोला, मां भगवती कीर्तन बैंज्वाड़ी और पितृमोहल्ला की मंडलियों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं प्रवचन प्रतियोगिता के माध्यम से धर्म और संस्कृति का संदेश भी दिया गया।
समिति के अध्यक्ष दिगंबर जुयाल और सचिव सतीश जुयाल ने बताया कि प्रतिभागियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जो भविष्य में ऐसे आयोजनों को और भव्य बनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर नवीन जुयाल, अनसूया प्रसाद, बीएल नौटियाल, अर्जुन रावत, वीरेंद्र नैथानी, विमल जुयाल सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन ममगांई ने किया।
