समाज सेवा और राष्ट्रप्रेम संकल्प के साथ एनएनएस का विशेष शिविर सम्पन्न
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : स्थानीय गुरुद्वारा साहिब ज्योतिर्मठ में संचालित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ के राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविरार्थियों का सात दिवसीय विशेष शिविर समाज सेवा, सामाजिक समरसता और देशप्रेम के संकल्प के साथ संपन्न हो गया।

समापन समारोह में दीप प्रज्वलन के उपरांत बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए सामाजिक कार्यकर्ता और गुरुद्वारा साहिब गोविंदघाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि भौतिक और मानसिक ऊर्जा से लबरेज़ युवा पीढ़ी अपनी क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग करके स्वयं के साथ साथ राष्ट्र के विकास को बुलंदी पर ले जा सकते हैं। मुख्य अतिथि ने सिख धर्म के सेवाभाव और सामाजिक समरसता की परंपरा को भी याद किया। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि बोलते हुए ज्योतिर्मठ की नगरपालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने कहा कि आज के युवाओं के पास व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण के असीमित अवसर हैं जिनका लाभ युवाओं को उठाना चाहिए। पालिकाध्यक्ष ने जोर देकर कहा अब खेलों सहित रचनात्मक कार्यों में कॅरियर के स्वर्णिम अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में सीखे गए संदेशों और सबकों का प्रयोग युवा समाज निर्माण में लगाएं।

विशेष शिविर की आख्या प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं के लिए यह शिविर सामूहिक जीवन, सेवाभाव और अनुशासन का विकास करने का अनमोल अवसर रहा है। उन्होंने कहा कि इन सात दिनों में शिविरार्थियों ने स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, मतदान और नशामुक्ति संबंधी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहाँ एनएनएस के संदेश को धरातल पर पहुँचाया वहीं प्रातःकाल में योगाभ्यास और अपराह्न में बौद्धिक सत्र और शाम को सांस्कृतिक सत्रों में शारीरिक और मानसिक क्षमताओं का विकास किया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवक सीमांत सिंह और आयुषी भट्ट ने शिविर के जीवनोपयोगी अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में युवाओं को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने कहा कि उन्हें इस बात का संतोष है कि शिविरार्थियों ने एनएनएस की भावना के अनुकूल कार्य किया और पूरे शिविर के दौरान गरिमामय आचरण करके सकारात्मक संदेश दिया। प्राचार्य ने विशेष शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने के लिए बीए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा प्रभा को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक घोषित किया।
इस अवसर पर शिविरार्थियों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जीके.सेमवाल, डॉ. किशोरी लाल, डॉ. राहुल तिवारी, संस्कृति विशारद डॉ. नवीन पंत, इतिहासकार डॉ. रणजीत सिंह मर्तोलिया, वरिष्ठ सहायक रणजीत सिंह राणा, डॉ. मोनिका सती, जगदीश लाल, शिव सिंह, नंदी देवी और छात्र संघ के अध्यक्ष दिव्यांशु, कोषाध्यक्ष स्नेहा, सचिव सृष्टि, उपाध्यक्ष नेहा, सह सचिव मनीषा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। समापन समारोह का संचालन डॉ. चरणसिंह केदारखंडी ने किया।

