
संजय कुंवर
बदरीनाथ : भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की यात्रा ने मानसून सीजन के बाद पकड़ी रफ्तार, अब तक 15 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बढ़ी रौनक ।
बदरीनाथ धाम में मानसून सीजन की विदाई के बाद मौसम खुशगवार होने के साथ ही तीर्थयात्रियों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। बड़ी संख्या में देश – प्रदेश से तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच रहे हैं। जिससे बदरीनाथ धाम में एक बार फिर रौनक बढ़ गई है। धाम में चहल-पहल बढ़ने से व्यवसायियों के चेहरे भी खिल गए हैं। अबतक 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने धाम के दर्शन कर दिए हैं।
दरअसल मानसून सीजन में जगह – जगह बदरीनाथ हाईवे बंद होने और एक सितंबर से पांच सितंबर तक मौसम अलर्ट के चलते चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी गई थी। इससे पहले भी एक दो बार भारी बारिश के चलते यात्रा पर रोक लगाई गई। जिसके चलते पित्र पक्ष में तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट आई थी। जिससे चारधाम व्यवसाय पुरी तरह प्रभावित हुआ। अब मानसून सीजन की विदाई के बाद मौसम खुशगवार होने पर चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ी है। इस वर्ष बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में अभी कपाट बंद होने में एक माह से अधिक का समय शेष है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि 25 नवम्बर 2025 को बदरी नाथ धाम के कपाट बंद होने तक बीच में कार्तिक पूर्णमासी स्नान पर्व और दीपावली पर तीर्थ यात्रियों की अच्छी आमद होने की उम्मीद है। पूरी बदरी पुरी इन दिनों तीर्थ यात्रियों की आमद से गुलज़ार नजर आ रही है।

