ऊखीमठ : केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नौ घंटे रहा अवरुद्ध, दोपहर बाद आवाजाही शुरू

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ :  केदार घाटी सहित विभिन्न इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा व काकड़ा गाड़ में भारी मलवा आने से हाईवे पर नौ घन्टें यातायात बाधित रहा।  पुलिस प्रशासन व नेशनल हाईवे के अधिकारियो के अथक प्रयासों से रविवार दोपहर तीन बजे बाद यातायात सुचारू हो पाया। इस दौरान राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत सहित जिला स्तरीय अधिकारी व सैकड़ों तीर्थ यात्री नेशनल हाईवे के दोनों ओर घन्टों जाम में फंसे रहे। नेशनल हाइवे पर बांसवाडा में ऊपरी पहाड़ी से लगातार मलवा आने से नासूर बनता जा रहा है। वहीं कालीमठ घाटी के चिलौण्ड गांव में भारी मलवा आने के कारण एक गौशाला क्षतिग्रस्त होने के साथ गौशाला के अन्दर 5/6 मवेशियों के दबने की सूचना है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात को केदारनाथ घाटी सहित विभिन्न इलाकों में मूसलाधार बारिश होने के कारण रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा व काकड़ा गाड़ में भारी मलवा आने से रविवार सुबह से ही यातायात बाधित हो गया। दोनों स्थानों पर यातायात बाधित होने से नेशनल हाइवे के दोनों तरफ कई दर्जनों वाहनों व सैकड़ों राहगीर फंसे रहे। राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत व भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार आपदा प्रभावित क्षेत्र छेनागाड ,बसुकेदार का दौरा करने के लिए जिला मुख्यालय से रवाना हुए मगर बांसवाडा मे यातायात अवरूद्ध होने के बाद उन्हें घन्टों इन्तजार करने के बाद बैरंग लौटना पड़ा।

थानाध्यक्ष ऊखीमठ मुकेश चौहान ने बताया कि काकडागाड मे भारी मलवा आने से यातायात अवरूद्ध हो गया था मगर पुलिस प्रशासन व नेशनल हाईवे के अथक प्रयासों से काकडागाड में दोपहर दो बजे यातायात बहाल हो सका । थानाध्यक्ष अगस्तमुनि महेश रावत ने बताया कि बांसवाडा मे दोपहर तीन बजे बाद यातायात सुचारू हो पाया है तथा ऊपरी चट्टान से बोल्डर व मलवा आने का खतरा हर समय बना हुआ है। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा ने बताया की चिलौण्ड गांव मे भूस्खलन के कारण एक गौशाला पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गयी है तथा प्रशासन व ग्रामीणों के सहयोग से गौशाला के अन्दर फंसे मवेशियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं । उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण एक मकान खतरे की जद में आ गया है तथा काश्तकारों की फसलों व खेतों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।

Next Post

पौड़ी : निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 360 मरीजों के स्वास्थ्य जांच

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 360 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच जसपाल नेगी  पौड़ी : स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 360 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान शिविर में आए लोगों द्वारा -ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की गई। […]

You May Like