चमोली : जोशीमठ में मानव-वन्यजीव संघर्ष में शामिल मादा भालू का रेस्क्यू

Team PahadRaftar

मारवाड़ी में ब्लू पोपी रिजॉर्ट के पास ट्रैंकुलाइज कर प्राकृतिक आवास में छोड़ा, दो शावकों की निगरानी में जुटी वन विभाग की टीम

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। जोशीमठ नगर क्षेत्र में मानव – वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में शामिल मादा हिमालयी काले भालू को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। शनिवार रात करीब 10:30 बजे मारवाड़ी क्षेत्र में ब्लू पोपी रिजॉर्ट के समीप भालू को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा गया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान वन प्रभाग को मादा भालू को ट्रैंकुलाइज करने के लिए प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से अनुमति मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही थी। 31 अक्टूबर की रात विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप मिश्रा और उप प्रभागीय वनाधिकारी सुमन के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

भालू के दो शावकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की जोशीमठ क्यूआरटी टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। वहीं, नगर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की टीम 24 घंटे गश्त कर रही है। सभी वार्डों में स्थानीय नागरिकों को वन्यजीवों से बचाव और सतर्कता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

वन विभाग के अनुसार मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

You May Like