ऊखीमठ : भटेश्वर वार्ड में शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन

Team PahadRaftar

ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, प्रस्ताव निरस्त करने की मांग

लक्ष्मण नेगी

ऊखीमठ। नगर क्षेत्र के भटेश्वर वार्ड में प्रस्तावित शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने वार्ड में शराब की दुकान खोले जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि भटेश्वर वार्ड शांतिप्रिय और सामाजिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र है, जहां परिवारों, बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। ऐसे में यहां शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका है।

महिलाओं ने जताई सामाजिक बुराइयों की आशंका

ज्ञापन सौंपने पहुंचीं महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान खुलने से घरेलू हिंसा, झगड़े-फसाद, आपराधिक घटनाएं और सामाजिक बुराइयां बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों के भविष्य और वार्ड के सामाजिक वातावरण को सुरक्षित रखना चाहती हैं, इसलिए किसी भी हालत में यहां शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

महिलाओं ने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की। उनका कहना था कि वार्ड की शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए यह जरूरी है।

कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव का विरोध किया।

इस मौके पर महिला मंगल दल अध्यक्ष संगीता देवी, गीता देवी, कुसुम देवी, तेज प्रकाश त्रिवेदी, राकेश तिवारी, प्रकाश रावत, विराट भट्ट, प्रमिला देवी, सविता देवी, नोरती देवी, बिशाम्बरी देवी, नर्मदा देवी, सुनीता देवी, इन्दु देवी, सुरेशी देवी, रंजू देवी, बीना देवी, नितिन तिवारी, खुशहाल सिंह, देवेन्द्र प्रसाद समेत तीन दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : ज्योतिर्मठ में उमेश राणा बने पीटीए अध्यक्ष

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में नई कार्यकारिणी का गठन संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सामाजिक कार्यकर्ता उमेश राणा को शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए पीटीए अध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान […]

You May Like