
केदारनाथ, मदमहेश्वर और तुंगनाथ की उत्सव डोलियों के शीतकालीन गद्दी स्थलों में आगमन का कार्यक्रम भी होगा तय
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को पंचकेदार के तीन प्रमुख धामों भगवान केदारनाथ, द्वितीय केदार मदमहेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथियां घोषित की जाएंगी। इसके साथ ही तीनों धामों की चल विग्रह उत्सव डोलियों के शीतकालीन गद्दी स्थलों में आगमन का कार्यक्रम भी तय होगा।
परंपरा के अनुसार, विजयदशमी पर पंचांग गणना के बाद कपाट बंद होने की तिथियां निर्धारित की जाती हैं। भगवान केदारनाथ और मदमहेश्वर के कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी, जबकि तुंगनाथ धाम की तिथि मक्कूमठ स्थित शीतकालीन गद्दी स्थल पर घोषित की जाएगी।
ओंकारेश्वर मंदिर में होगी घोषणा
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान केदारनाथ के कपाट बंद होने की तिथि घोषित होने के साथ ही उनकी चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचने का कार्यक्रम भी तय होगा। द्वितीय केदार मदमहेश्वर की कपाट बंद होने की तिथि और उनकी उत्सव डोली के ऊखीमठ आगमन की तिथि भी इसी दौरान निर्धारित की जाएगी।
मक्कूमठ में तय होगी तुंगनाथ की तिथि
विश्व के सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित शिव मंदिरों में शामिल तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथि विजयदशमी पर घोषित होगी। इसके साथ ही उनकी चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ पहुंचने का कार्यक्रम भी तय किया जाएगा।
तुंगनाथ धाम के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि भगवान केदारनाथ और मदमहेश्वर के कपाट बंद होने की तिथियां ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पंचांग गणना के अनुसार घोषित की जाएंगी। वहीं, भगवान तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा मक्कूमठ स्थित शीतकालीन गद्दी स्थल पर होगी।

