ऊखीमठ : बसुकेदार तहसील की जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील घेराव, आंदोलन की चेतावनी

Team PahadRaftar

बसुकेदार तहसील की जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील घेराव, आंदोलन की चेतावनी

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। बसुकेदार तहसील क्षेत्र की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को तहसील भवन बसुकेदार का घेराव किया जाएगा। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता एवं केदारनाथ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भंडारी ने क्षेत्र की जनता, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

डॉ. भंडारी ने कहा कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अभाव से जूझ रही है। तहसील का स्थायी भवन आज तक नहीं बन पाया है। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवश्यक आवासीय व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से तहसील भवन निर्माण की घोषणा और एसडीएम बसुकेदार द्वारा शासन को पत्र भेजे जाने के बावजूद धरातल पर ठोस कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि बडेथ, ताल, जामणा और घंघासू-बांगर क्षेत्र के आपदा प्रभावित ग्रामीण अब भी उचित राहत और जरूरी व्यवस्थाओं की बाट जोह रहे हैं। इसके अलावा हाट-बस्ती मोटर पुल की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है। पुल की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. भंडारी ने कहा कि ये समस्याएं महज विकास कार्यों से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से सीधे जुड़ी हैं। शासन-प्रशासन की ओर से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन अब जनता घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम चाहती है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को होने वाला तहसील घेराव किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता के अधिकारों और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आंदोलन में भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : 15 वर्षों बाद बदरीनाथ में होगा भगवती चामुण्डा और भगवान बदरीनाथ का ऐतिहासिक मिलन

झमाझम बारिश के बीच जग्गी बगवान से भावुक विदाई, राऊंलैक में पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। आस्था, परंपरा और भावनाओं से सराबोर भगवती चामुण्डा की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा सोमवार को झमाझम बारिश के बीच जग्गी बगवान गांव से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। मां […]

You May Like