लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमाई पंचगांई समिति कालीमठ व बदरी – केदार मन्दिर समिति के सयुंक्त तत्वावधान में 15 वर्षों बाद आयोजित भगवती कालीमाई की ऐतिहासिक पैदल दिवारा यात्रा के ऊखीमठ पहुँचने पर ग्रामीणों ने अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

भगवती कालीमाई की देवारा यात्रा के ऊखीमठ आगमन से आस्था व भक्ति का अनूठा संगम बना हुआ है तथा ग्रामीणों मे भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा जिस क्षेत्र मे अनेक देवी – देवताओं के निशानों व स्थानीय वाद्य यंत्रो की धुनों के साथ पर्दापण कर रही है उस क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ तथा ग्रामीण भगवती कालीमाई की डोली सहित देवारा यात्रा में साथ चल रहे अनेक देवी – देवताओं के निशानों को अनेक प्रकार की पूजा सामाग्री अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

इस दौरान भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा ओंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ पहुंची जहां पर केदारनाथ व बाबा मदमहेश्वर का 15 वर्षो बाद अद्भुत मिलन हुआ जिसके साक्षी मौजूद श्रद्धालु बने। भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा के देर सांय चुन्नी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। मंगलवार को भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा संसारी , कुण्ड, भीरी , बांसवाडा सहित विभिन्न हिल स्टेशनों का नगर भ्रमण कर ग्रामीणो की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद देगी तथा रात्रि प्रवास के लिए बष्टी गाँव पहुंचेगी। सोमवार मधु गंगा के किनारे बसे पाली सरूणा गाँव में विद्वान आचार्यो ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत भगवती काली , मदमहेश्वर भगवान, ओंकारेश्वर महादेव सहित 33 कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न कर आरती उतारी तथा ठीक आठ बजे दिवारा यात्रा अग्रिम पड़ाव के लिए रवाना हुई तथा सलामी , मंगोलचारी , मंगोली , ब्राह्मणखोली , डगवाडी , भटवाडी सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दिया तथा श्रद्धालुओ ने लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। देर सांय भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा के चुन्नी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कालीमाई पंचगांई समिति कालीमठ के अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने बताया कि भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा के ऊखीमठ आगमन से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है तथा हर गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। महामंत्री सुरेशानंद गौड़ ने बताया कि मंगलवार को भगवती कालीमाई की दिवारा ऊखीमठ क्षेत्र से विदा होकर बांसवाडा क्षेत्र में पर्दापण करेगी।
इस मौके पर ओकारेश्वर मन्दिर के वरिष्ठ पुजारी शिव शंकर लिंग, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण , मधु गंगा ग्रुप एम डी खुशहाल सिंह नेगी, मन्दिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती , वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डी एस भुजवाण, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व प्रधान राय सिंह धर्म्वाण, भगवती देवशाली, योगेंद्र देवशाली,पंडित कालिका प्रसाद, पुजारी सतीश गौड़, हरीश गौड़, दिनेश गौड़, जयप्रकाश सेमवाल, ऋषिराम भट्ट , वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी ,दिलवर असवाल, बलवीर राणा ,राकेश राणा, मोहन सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत , कुलदीप रावत , प्रबल सिंह राणा , महेंद्र सिंह राणा , अरविन्द राणा , सुदर्शन राणा , बलवन्त रावत, पवन राणा सहित ऊखीमठ क्षेत्र के विभिन्न गांवों गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

