श्रावण के पहले सोमवार पर बदरीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बदरीनाथ (संजय कुंवर)। श्रावण मास के पहले सोमवार पर भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश-विदेश से पहुंचे तीर्थयात्रियों ने भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। साथ ही तप्तकुंड के समीप स्थित भगवान आदिकेदारेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की।

रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। धाम में सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बदरी विशाल के जयघोष के साथ दर्शन किए। श्रावण के पहले सोमवार के अवसर पर आदिकेदारेश्वर महादेव मंदिर में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

मानसून सीजन के बावजूद बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ रही है। यात्रा व्यवस्थाएं सुचारु रहने से श्रद्धालु सुगमता के साथ भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 15 लाख 27 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है, जो अब तक का नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। लगातार बढ़ रही तीर्थयात्रियों की संख्या से बदरीपुरी में एक बार फिर चहल-पहल और रौनक लौट आई है।
