लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : पट्टी तल्लानागपुर के चोपता फलासी में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती चण्डिका की 25 वर्षों बाद आयोजित दिवारा यात्रा इन दिनों घर दिवारा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है।

25 वर्षों बाद दिवारा यात्रा के आयोजन से तल्लानागपुर क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है। घर दिवारा सम्पन्न होने के बाद भगवती चण्डिका चारो दिशाओं का भ्रमण करेगी तथा इस दौरान भगवती चण्डिका विभिन्न तीर्थ स्थलो व गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी इस दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया जायेगा। चारों दिशाओ के भ्रमण के बाद पुनः घर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी तथा विशाल यज्ञ के साथ 25 वर्षो बाद आयोजित दिवारा यात्रा का समापन होगा। घर दिवारा व चारो दिशाओं के भ्रमण में भगवती चण्डिका को लगभग 6 माह का समय लगेगा। जानकारी देते हुए तुंगेश्वर महादेव मन्दिर समिति फलासी अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि भगवती चण्डिका का दिवारा यात्रा का शुभारंभ विगत 23 नवम्बर को वेद ऋचाओ के साथ शुरू हो गया था तथा इन दिनों भगवती चण्डिका घर दिवारा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद दे रही है।
सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि घर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका ने फलासी , बछनी, भटवाडी , उर्खोली , खाली का भ्रमण कर दिया है तथा आने वाले दिनो मे क्यूडी, कांडा , कुण्डा दानकोट, कोल्लू , भन्नू, जाखणी , मलाऊ सहित विभिन्न गावो का भ्रमण कर भक्तो को आशीर्वाद देगी। कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी ने बताया कि भगवती चण्डिका का 25 वर्षो बाद दिवारा यात्रा का आयोजन होने से ग्रामीणो मे भारी उत्साह बना हुआ है। उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा ने बताया कि घर दिवारा के बाद समय – समय पर भगवती चण्डिका पूरब ,पश्चिम, उत्तर, दक्षिण चारो दिशाओ का भ्रमण करेगी । मगन सिंह नेगी , रणजीत करासी , कुवर सिंह, सते सिंह नेगी , संजय सिंह, रणवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणो में भारी उत्साह बना हुआ है तथा हर गांव मे भगवती चण्डिका का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया जा रहा है ।

