केएस असवाल कर्णप्रयाग। आशीष थपलियाल के असामयिक निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे उनके परिवार को राहत मिली है। कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह की पहल पर मृतक की पत्नी को उनकी योग्यता के अनुरूप नगर पालिका में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इससे परिवार को नियमित आय का सहारा मिलने के साथ बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है।
बताया गया कि पति के निधन के बाद आशीष थपलियाल की पत्नी आर्थिक तंगी से गुजर रही थीं। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर मदद की अपील भी की, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने पहल करते हुए परिवार की सहायता सुनिश्चित कराई।
पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने बताया कि मानवीय आधार पर मृतक की पत्नी को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप नगर पालिका में रोजगार दिया गया है, ताकि परिवार को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना सामाजिक दायित्व भी है।
परिजनों ने कहा कि इस सहयोग से कठिन समय में उन्हें नई उम्मीद मिली है। उन्होंने गणेश शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार मिलने से परिवार को स्थायी सहारा मिला है और बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य को लेकर उनकी चिंता काफी हद तक कम हुई है।
उधर, स्थानीय लोगों ने भी गणेश शाह की पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि किसी जरूरतमंद परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ रोजगार उपलब्ध कराना अधिक प्रभावी कदम है। लोगों ने इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सकारात्मक उदाहरण बताया।
