
केएस असवाल
बदरीनाथ हाईवे कमेडा में 8 घंटे से अवरुद्ध, प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों को गौचर में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
गौचर : लंबे समय से कमेड़ा के जखेड़ गधेरे में हो रहे भूस्खलन ने क्षेत्र वासियों के साथ ही शासन प्रशासन को परेशानी में डाल दिया है। सोमवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से पुनः मार्ग बंद हो गया है। जो रात्रि को आठ बजे तक नहीं खुला। जिससे हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों के साथ तीर्थयात्री एवं स्थानीय लोग फंसे रहे। प्रशासन द्वारा गौचर में तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। गौचर चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुंसाई ने बताया कि प्रशासन द्वारा यात्रियों को ठहरने की उचित व्यवस्था की जा रही है।
जनपद चमोली की सीमा पर हो रहे कमेड़ा भूस्खलन क्षेत्र पिछले कई सालों से परेशानी का सबब बना हुआ है। हालांकि एन एच आई डी सी एल ने कुछ महीने पहले इस भूस्खलन क्षेत्र के सुधारीकरण का कार्य शुरू तो कर दिया था लेकिन इस बार हो रही बेतहाशा बारिश से एन एच आई डी सी एल का किया कराया सारा कार्य भूस्खलन में दफन हो गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि इस स्थान पर पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थरों के साथ ही पेड़ उखड़ कर आ रहे हैं। इस बारिश के सीजन में कोई दिन ऐसा नहीं रहा जिस दिन राष्ट्रीय राजमार्ग इस स्थान पर घंटों बंद न रहा हो सोमवार को सुबह आठ बजे के आसपास एक बार यातायात सुचारू कर लिया गया था लेकिन 12 बजे के आसपास हुई मूसलाधार बारिश से पुनः मार्ग बंद होने से जनपद चमोली के लिए आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई ठप्प हो गई है। यही हाल कमेड़ा पेट्रोल पंप के पास भी है। इस स्थान पर सड़क लगभग 500 मीटर धंसने से वाहनों को खासकर छोटे वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार गौचर रानौ क्वींठी मोटर मार्ग बंद होने से क्षेत्र का राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क कट जाने से क्षेत्रवासी भारी संकट में फंस गए हैं। कहा जा सकता है कि कमेड़ा का भूस्खलन क्षेत्र नासूर बन गया।

