चमोली : बदरीनाथ धाम में उमड़ी आस्था की भीड़, डीएम-एसपी ने संभाली कमान

Team PahadRaftar

ग्राउंड जीरो पर प्रशासन, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक 

संजय कुंवर 

बदरीनाथ / चमोली : भू-वैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं धाम में ग्राउंड जीरो पर डटे हुए हैं और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

शुक्रवार को दोनों अधिकारियों ने दिन की शुरुआत स्वास्थ्य परीक्षण से की और यात्रा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके बाद कोतवाली बदरीनाथ में तैनात होमगार्ड जवानों को ठंड से बचाव के लिए जैकेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने जवानों को विषम मौसम में सतर्क रहते हुए पूरी निष्ठा से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

वीवीआईपी ड्यूटी पर पहली बार तैनात रिक्रूट आरक्षियों से भी डीएम-एसपी ने संवाद किया। उनके अनुभव सुने और उन्हें आत्मविश्वास व अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान ब्रह्म कपाल क्षेत्र और मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतारों का जायजा लिया गया। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को जूता-घर, मोबाइल काउंटर, माइक व्यवस्था और लाइन प्रबंधन को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा भोजनालय का निरीक्षण कर जवानों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की गई।

डीएम और एसपी ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनसे सीधे संवाद भी किया और यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, भावना कैन्थोला और होशियार सिंह पंखोली समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : पोखरी में हस्तकला कार्यशाला, छात्रों-शिक्षकों को आत्मनिर्भरता का पाठ

पोखरी में हस्तकला कार्यशाला, छात्रों-शिक्षकों को आत्मनिर्भरता का पाठ पोखरी (चमोली)। ब्लॉक पोखरी में पहली बार SCERT, नई शिक्षा नीति 2020 और NCF 2023 के दिशा-निर्देशों के तहत CCRT के तत्वावधान में त्रिदिवसीय हस्तकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। 22 से 24 अप्रैल तक चली इस कार्यशाला में 20 शिक्षकों […]

You May Like