
चमोली : जिले में हो लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार रात्रि को गौचर पालिका क्षेत्र के बसंतपुर मोहल्ले में भारी बारिश व भूस्खलन से आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। जिससे लोगों में दहशत बना हुआ है, प्रभावितों ने प्रशासन से भू-धंसाव की रोकथाम की मांग की।
गौचर पालिका क्षेत्र के पॉलिटेक्निक मार्ग पर बसंतपुर मोहल्ले में रविवार की रात्रि को हुई भारी बारिश के कारण सोमवार की सुबह आवासीय भवन के निचले हिस्से में भारी भूस्खलन हो गया है। इसके मलबे से सड़क मार्ग भी अवरूद्ध हो गया है। भू-स्खलन के कारण मनीष कुमार, राकेश कुमार, पंकज कुमार, राजेन्द्र लाल, मुकेश कुमार, देवेंद्र कुमार, शयाम लाल, प्रदीप कुमार के आवासीय भवनों को खतरा उत्पन्न हो गया है। पीड़ित परिवारों ने बताया कि भवनों के आगे आंगन में भारी दरारें आ गई है। इससे आवासीय भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से भू-धंसाव के रोकथाम किए जाने की मांग की है। हालांकि तहसील प्रशासन की ओर से मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीन को मौके पर भेज दिया गया है। भरोसा दिलाया है कि जल्द ही परिवारों को सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।

